National

देश में एक सितंबर से अनलॉक 4 की शुरुआत होगी, स्कूल सिनेमाघर और कॉलेज खोलने की अनुमति फिलहाल नहीं

पूरे देश में एक सितंबर से मेट्रो ट्रेन सेवाएं फिर शुरु हो सकती हैं। इसी हफ्ते जारी होने वाले अनलॉक-चार के दिशानिर्देश में गृहमंत्रालय मेट्रो ट्रेन को चलाने की अनुमति देने पर विचार कर रहा है। वैसे राज्य सरकारें चाहें तो कोरोना की स्थानीय स्थिति को देखते हुए इसके परिचालन पर रोक लगा सकती हैं। लेकिन स्कूल, सिनेमा हॉल और बार को खोलने की अनुमति फिलहाल नहीं मिलेगी।

मेट्रो के परिचालन से आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा 

गृहमंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार कोरोना के कारण देश की बंद अर्थव्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से खोलने के तहत इस बार मेट्रो सेवाओं के परिचालन की अनुमति दी जा सकती है। मेट्रो के परिचालन की अनुमति मिलने से शहरी क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही में आसानी होगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मार्च महीने में पूरे देश में लॉकडाउन के दौरान मेट्रो को बंद कर दिया गया था, जो अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। पिछले दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से चरणबद्ध तरीके मेट्रो के परिचालन की अनुमति देने का अनुरोध किया था।

स्कूल और कॉलेज को खोलने की अनुमति नहीं मिलेगी

वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार फिलहाल स्कूल और कॉलेज को खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगा। वहीं आइआइटी, आइएमएम और विश्वविद्यालय जैसे उच्चतर शैक्षिक संस्थानों को खोलने की अनुमति देने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

सिनेमा हॉल को खोलने की अनुमति नहीं मिलेगी

उन्होंने सिनेमा हॉल को खोलने की अनुमति देने की संभावना से भी इन्कार कर दिया। उनके अनुसार कोरोना के गाइडलाइंस का पालन करते हुए सिनेमा हॉल को खोलना फिल्म निर्माताओं और हॉल मालिकों के लिए आर्थिक तौर पर व्यवहारिक नहीं होगा।

अनलॉक-चार के गाइडलाइंस में उन क्षेत्रों का जिक्र होगा जो प्रतिबंधित रहेंगी

वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इसी हफ्ते जारी होने वाली अनलॉक-चार के गाइडलाइंस में किन-किन क्षेत्रों को खोला जा रहा है का जिक्र नहीं होगा। इसके बजाय सिर्फ उन क्षेत्रों का जिक्र होगा, जो प्रतिबंधित रहेंगी। प्रतिबंधित क्षेत्रों के अलावा सभी क्षेत्रों को खुला माना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button