States

मेरा कोई निजी एजेंडा नहीं, विकास और पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करना ही मेरा ध्येय: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। मेरा कोई निजी एजेंडा नहीं है। प्रदेश का विकास और पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करना ही मेरा ध्येय है। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महानगर के कार्यकर्त्‍ताओं को संबोधित करते हुए कही। गुरुवार को भाजपा महानगर कार्यालय पहुंचे पुष्कर सिंह धामी का कार्यकर्त्‍ताओं ने ठोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। उनके स्वागत में रखे गए कार्यक्रम में कार्यकर्त्‍ताओं की भारी भीड़ रही। परिचय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कार्यकर्त्‍ता अपने समाज एवं पार्टी के लिए ईमानदारी से निरंतर कार्य करते हैं तो कोई उसे आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता। वह स्वयं इसका उदाहरण हैं। कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं हैं, एक सैनिक के बेटे हैं और पार्टी ने उन्हें मां की तरह पाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्म देने वाली मां और धरती मां के साथ ही भाजपा हमारी मां है, जो अपनी सभी संतानों का समान रूप से ध्यान रखती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लाखों कार्यकर्त्‍ताओं के दम पर 2022 में भाजपा 60 सीटें जीतकर उत्तराखंड का इतिहास बदल देगी

बैठक को महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने भी संबोधित किया। इस दौरान काबीना मंत्री गणोश जोशी, कैंट विधायक हरबंस कपूर, महानगर प्रभारी कुसुम कंडवाल, प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, शादाब शम्स, उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन, अनिल गोयल, आदित्य चौहान, पुनीत मित्तल, बृजलेश गुप्ता, राजीव उनियाल, रतन सिंह चौहान, लच्छू गुप्ता आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री धामी से पहले ही मंच पर पहुंचे कार्यकर्त्‍ता

मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्त्‍ता अति उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही तमाम कार्यकर्त्‍ता और पदाधिकारी मंच पर पहुंच गए। उन्होंने मुख्यमंत्री की सीट के आसपास अपनी पोजीशन फिक्स कर ली। कार्यकर्त्‍ता मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने की तैयारी में उनका स्वागत करना ही भूल गए। गाड़ी से उतरकर मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे तो कोई भी उनके स्वागत के लिए बाहर नहीं आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button