यूपी में परिवर्तन का श्रेय जनता को: अमित शाह ने वृंदावन में कहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर पहुंचे और मंदिर में पूजा की. उनके साथ ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मौजूद रहे। मंदिर प्रांगण से निकलने के दौरान गृहमंत्री अमित शाह हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन करते नजर आए। भाजपा के लिए मथुरा की सीट बहुत मायने रखती है, यहां से ऊर्जा मंत्री को फिर से टिकट दिया गया है।
अमित शाह ने कहा, ‘ब्रज क्षेत्र की समस्त जनता को मैं हाथ जोड़कर धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि चाहे चुनाव 2014 का हो, 2017 का हो या चाहे 2022 का हो, ब्रज के डिब्बे जब खुलते हैं तो सिर्फ कमल ही कमल दिखाई देता है. मैं ब्रज क्षेत्र की जनता को कहने आया हूं कि साढ़े 7 साल में देश और उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, इसका अगर सीधा श्रेय किसी को जाता है तो वो उत्तर प्रदेश की महान जनता को जाता है. उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा की सरकारें चली, ये केवल जातिवाद और परिवारवाद के लिए चली. तुष्टिकरण के आधार पर चली, भृष्टाचार का यहां बोलबाला था.’

मथुरा की भव्यता लौटाना हमारा संकल्प: अमित शाह
मथुरा में डोर-टू-डोर कैंपेन की शुरुआत करने के बाद अमित शाह ने ‘प्रभावी मतदाता संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मैं 2022 के चुनाव में मथुरा के सभी बीजेपी उम्मीदवारों की जीत के लिए वोट मांगने आया हूं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मथुरा की दिव्यता और भव्यता लौटाना हमारा संकल्प है.
सपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख पर हमलावर होते हुए अमित शाह ने कहा कि अखिलेश के शासन से भाजपा शासन में अपराध कम हुआ है। हत्या, लूट, अपहरण में कमी आई है। सुशासन क्यों नहीं था, कानून का राज क्यों नहीं था। पांच साल में उत्तर प्रदेश भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। अगले पांच साल में नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का काम होगा। मथुरा में अमित शाह ने कहा कि योगी सरकार में डकैती 70 प्रतिशत और लूट में 72 प्रतिशत की कमी हुई. उन्होंने कहा, ‘अखिलेश बाबू के शासन से भाजपा के शासन में, डकैती में 70% की कमी हुई है. लूट में 72% की कमी हुई है. हत्या में 29% की कमी हुई है. अपहरण में 35% की कमी हुई है.’
Back to top button