सुरक्षित भोजन और स्वच्छता से ही बनेगा स्वस्थ बचपन, नवोदय नगर विद्यालय में खाद्य सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-बच्चों को सिखाए सुरक्षित खान-पान के गुर, भोजनमाता को बांटे एप्रन
-खाद्य गुणवत्ता सप्ताह में बच्चों को दिया पौष्टिक आहार और स्वच्छता का संदेश
हरिद्वार। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित भविष्य को लेकर आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नवोदय नगर में खाद्य गुणवत्ता सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय के कर्मचारियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि संतुलित और पौष्टिक आहार शारीरिक विकास के साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्हें अनाज, दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूध को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही जंक फूड, अत्यधिक तैलीय और पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
बच्चों को खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित भोजन और असुरक्षित खाद्य सामग्री से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बाजार से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि जांचने की जानकारी भी दी गई। व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर देते हुए भोजन से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा साफ बर्तनों में भोजन करने की सीख दी गई।
भोजनमाता को एप्रन देकर स्वच्छ रसोई का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की भोजनमाता को एप्रन वितरित किया गया। इसके माध्यम से मध्यान्ह भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करने का संदेश दिया गया। उन्हें रसोईघर की साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री ढककर रखने, स्वच्छ बर्तनों का उपयोग करने और भोजन बनाते समय व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल की ओर से गुणवत्ता प्रबंधक दिनेश, कार्यक्रम अधिकारी सचिन एवं वामिका चोपड़ा ने विद्यार्थियों और भोजनमाता को खाद्य गुणवत्ता, पोषण तथा स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक भोजन के साथ उसे तैयार करने और परोसने की प्रक्रिया में स्वच्छता का पालन करना भी जरूरी है।
श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक रंजीत कैंतुरा ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में कम उम्र से ही स्वस्थ खान-पान और स्वच्छता की आदतें विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि सुरक्षित भोजन, स्वच्छ आदतें और संतुलित पोषण ही स्वस्थ बचपन की मजबूत नींव हैं। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से महिला आश्रम की यह पहल विद्यालयों में स्वास्थ्य, पोषण और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास है।




