States

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा- राज्य की बागडोर युवा नेतृत्व के हाथों में होने से युवाओं में जोश व उत्साह

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि राज्य की बागडोर युवा नेतृत्व के हाथों में होने से युवाओं में जोश व उत्साह है। आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ पार्टी को मिलेगा। कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक माह का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। मुख्यमंत्री ने राज्य के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। सरकार अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद तक पहुंच रही है। मंत्री, विधायक और पार्टी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी क्षेत्रों में प्रवास कर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कौशिक ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि भाजपा मिशन-2022 के रोडमैप पर गंभीरता से आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में इसी माह कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्णकालिक स्वयंसेवक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास व सेवा कार्यों की बदौलत जनता के बीच जाएगी।

कांग्रेस के चिंतन शिविर पर तंज कसते हुए कौशिक ने कहा कि कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए विपक्ष की भूमिका भी अदा नहीं की। कांग्रेस जहां विधानसभा में खामोश रही, वहीं जनता के बीच कार्य करने में पूरी तरह असफल रही। कांग्रेस ने पूरा समय नेतृत्व की लड़ाई में व्यतीत किया और अब वह जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस के प्रपंच का उसे कोई लाभ नहीं होने वाला। कोरोनाकाल में कांग्रेस की हकीकत को जनता जान चुकी है। जब अन्य दल व सामाजिक संगठन सेवा कार्यों में लगे थे, तब कांग्रेस धरना-प्रदर्शन में मशगूल थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button