Sports

अब सौरव गांगुली की जिंदगी को पर्दे पर उतारने की तैयारी, दिग्गज क्रिकेटर की बायोपिक का हुआ एलान

नई दिल्ली,  बॉलीवुड फिल्में में बायोपिक बनाने का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक कई दिग्गजों की बायोपिक को बनाकर रिलीज किया जा चुका है। अब इस कड़ी में भारतीय क्रिकेट टीम के लीजेंड खिलाड़ी सौरव गांगुली का भी नाम जुड़ गया है। जी हां, जल्द ही सौरव गांगुली की कहानी फिल्मी पर्दे पर नजर आने वाली है। इस बात की जानकारी मशहूर निर्माता-निर्देशक लव रंजन ने दी है।

लव रंजन ने अपने प्रोडक्शन हाउस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए सौरभ गांगुली की बायोपिक की घोषणा कर दी है। गुरूवार को उन्होंने लव रंजन फिल्म्स के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट साझा किया। इस नोट में उन्होंने लिखा, ‘हमें यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि लव रंजन फिल्म्स दादा की बायोपिक को प्रोड्यूस करेगा।’ सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

सौरव गांगुली, जिन्हें दादा के नाम से जाना जाता है। वह भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार खिलाड़ी और लंबे समय तक कप्तान रहे हैं। सभी के दिलों में उनके लिए एक खास जगह रही है। एक क्रिकेटर के रूप में 90 के दशक से लेकर वर्तमान में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष होने तक, सौरभ गांगुली की जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने क्रिकेट के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए है।

वहीं अपनी बायोपिक की घोषणा होने के बाद सौरभ गांगुली ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अपनी बायोपिक बनने की घोषणा करने के बाद खुशी जाहिर की है। सौरभी गांगुली ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘क्रिकेट मेरी जिंदगी रही है, इसने मेरे सिर को ऊंचा करके आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और क्षमता दी। एक सफर, जिसने मुझे पाला है। रोमांचित हूं कि लव फिल्म्स मेरी यात्रा पर एक बायोपिक का निर्माण करेगी और इसे बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।’

हालांकि सौरभ गांगुली का किरदार कौन अभिनेता निभाएंगे इसका अभी तक पता नहीं चला है। सौरभ गांगुली की बायोपिक का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग करेंगे। लव फिल्म्स ने ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘दे दे प्यार दे’, ‘मलंग’ और ‘छलांग’ जैसी सफल फिल्मों का निर्माण किया है। उनकी आने वाली फिल्मों में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर अभिनीत लव रंजन के निर्देशन में बन रही ‘कुत्ते’ और ‘उफ्फ’ शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button