States

उत्तराखंड में कोवैक्सीन का स्टाक बेहद सीमित, कोवैक्सीन की पहली खुराक बंद कर दी गई

देहरादून। कोरोना महामारी के बीच वैक्सीन की कमी भी दिक्कत बढ़ा रही है, जिससे टीकाकरण अभियान की रफ्तार पर भी असर पड़ रहा है। उत्तराखंड में कोवैक्सीन का स्टाक बेहद सीमित रह गया है। इसके चलते कोवैक्सीन की पहली खुराक बंद कर दी गई है। अभी केवल दूसरी खुराक लगाई जा रही है, वह भी कुछेक केंद्रों पर ही। स्थिति ये है कि लाभार्थियों को कोवैक्सीन की दूसरी खुराक तक के लिए दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

बता दें कि कोवैक्सीन की दूसरी खुराक 28 दिन बाद लगानी होती है, पर यह नहीं लग पा रही है। देहरादून शहर की ही बात करें तो यहां आज किसी भी केंद्र पर कोवैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं लग पा रही है। 18-44 आयुवर्ग में केवल नौ केंद्रों पर दूसरी खुराक लग रही है। इनमें विकासनगर में उप जिला चिकित्सालय, पांच जगह मोबाइल टीम और कालसी में तीन केंद्रों पर कोवैक्सीन लग रही है।

वहीं, 45 साल से अधिक के व्यक्तियों को डोईवाला व कालसी में पांच केंद्रों पर कोवैक्सीन की दूसरी खुराक लग रही है। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डा. कुलदीप सिंह मर्तोलिया ने बताया कि राज्य में फिलहाल कोवैक्सीन की कमी है। पर अगले कुछ दिन में वैक्सीन की नयी खेप मिल जाएगी और स्थिति नियंत्रित हो जाएगी। कोवैक्सीन की दूसरी खुराक 28 से 42 दिन के बीच लगाई जा सकती है। ऐसे में चिंता की बात नहीं है। जिस किसी को भी पहली खुराक दी गई है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूसरी खुराक लगाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button