National

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के सम्मान में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह को सम्मान देने के क्रम में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। छह जिलों में प्रमुख सड़कों का नामकरण करने के बाद अब सरकार कल्याण सिंह के नाम पर राज्य सरकार के अन्य प्रतिष्ठान भी कर रही है।

भारतीय राजनीति में दृढ़ता व पारदर्शिता के साथ अपने आदर्श व मूल्यों के लिए विख्यात पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के सम्मान में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। लखनऊ के विश्व स्तरीय कैंसर संस्थान को अब कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के नाम से जाना जाएगा। लखनऊ में इस संस्थान का उपयोग कोविड अस्पताल के रूप में ही किया गया था। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया है।

योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसके साथ ही बुलंदशहर में राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज कर दिया है। बुलंदशहर के नरौरा में ही कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था। देश में आदर्श तथा मूल्यों की राजनीति करने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल कल्याण सिंह के नाम पर इससे पहले भी योगी आदित्यनाथ सरकार ने छह जिलों में प्रमुख सड़कों का नाम रखने की घोषणा की थी।

इनमें अयोध्या में रामलला मंदिर तक जाने वाले मार्ग का नाम भी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर इसका प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। राजधानी लखनऊ के साथ अयोध्या, प्रयागराज, अलीगढ़, एटा तथा बुलंदशहर में एक-एक सड़क अब कल्याण सिंह के नाम पर होगी। इसके साथ ही अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button