Uttarakhand

तेज रफ्तार ऑडी ने दंपती को मारी टक्कर; मची चीख-पुकार

दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑडी कार (एचपी63ई9933 मॉडल नंबर ए-6 45 टीएफएसआई) ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दंपती और उनकी 18 माह की बेटी घायल हो गए।

वहीं, मौके पर जमा भीड़ ने आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया। राहगीरों ने तीनों घायलों को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने घायलों के बयान पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ऑडी कार जब्त करते हुए आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया कि घायल परवेज अपने परिवार के साथ जामिया इलाके में रहते हैं। परिवार में पत्नी हिना और 18 माह की बेटी ईशाल शामिल है। परवेज अपना निजी काम करते हैं। पुलिस को दिए बयान में परवेज ने बताया कि वह बुधवार रात अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे।

बताया गया कि बृहस्पतिवार तड़के अपनी बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान जंगपुरा में राजदूत लाल बत्ती के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हादसे की सूचना बृहस्पतिवार को 3.30 बजे पुलिस को मिली। हजरत निजामुद्दीन थाने की टीम मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल पर बाइक और ऑडी कार मिली, पुलिस ने दोनों को जब्त कर लिया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के बाद आरोपित की पहचान कर ली गई है। दोपहर बाद ओल्ड राजिंदर नगर निवासी आरोपित चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

भीड़ ने आरोपित को मौके पर पकड़ा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक वीडियो बना लिया। वीडियो में मौके पर पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं और आरोपित भी। मौके पर मौजूद भीड़ आरोपित की पिटाई की कोशिश कर रही है। वह चिल्ला रहा है कि उसने शराब नहीं पी है। भीड़ में एक शख्स घायलों को अस्पताल पहुंचने के लिए बोल रहा है। वह शख्स अपनी गाड़ी से उन्हें ले जाने की बात कर रहा है। 

पुलिस को मामले की सूचना देने वाले शख्स का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीसीआर को सूचना तक नहीं दी थी।

मौके पर मौजूद रही पुलिस, आरोपित हो गया फरार

पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। जबकि हादसे के बाद के प्रसारित वीडियो में पुलिस मौके पर दिखाई दे रही है। भीड़ ने आरोपित को मौके पर पकड़ा हुआ है, वहां पुलिस टीम भी मौजूद है। इंटरनेट मीडिया पर यह सवाल उठ रहे हैं कि आरोपित पुलिस के रहते मौके से फरार कैसे हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button