Uttarakhand

उत्तराखंड कांग्रेस के डिजिटल चुनावी अभियान को मिलेगी धार, वॉर रूम में बनी रणनीति

-आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सोशल मीडिया नेटवर्क मजबूत करने पर जोर, दीपा दासमुंशी और गणेश गोदियाल ने दिए सुझाव

-हर गांव और शहर तक पहुंचेगी कांग्रेस की डिजिटल आवाज, जनहित के मुद्दों पर मजबूत डिजिटल अभियान चलाने की तैयारी

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपना डिजिटल प्रचार अभियान मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस के वॉर रूम में सोशल मीडिया रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रभावी डिजिटल प्रचार-प्रसार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को अधिक सक्रिय, व्यापक और प्रभावशाली बनाने के साथ चुनावी अभियान को नई धार देने पर मंथन किया गया।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड विधानसभा चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य चौधरी अनिल कुमार और पाल भाई अंबलिया तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। इस दौरान सोशल मीडिया विभाग की भूमिका, संगठनात्मक समन्वय और आगामी चुनाव के लिए डिजिटल रणनीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस की विचारधारा, जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रदेश सरकार की नीतियों और संगठन की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, सोशल मीडिया नेटवर्क का विस्तार करने और कार्यकर्ताओं को अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

दीपा दासमुंशी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को डिजिटल मंचों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। आगामी विधानसभा चुनाव में डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के संदेश को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सोशल मीडिया विभाग संगठन की आवाज को मजबूती देने के साथ पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने डिजिटल अभियान को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की आवाज को प्रदेश के हर गांव, शहर और हर वर्ग तक पहुंचाना है। जनहित के मुद्दों को केंद्र में रखकर एक मजबूत डिजिटल जनआंदोलन खड़ा करने की दिशा में विभाग लगातार काम कर रहा है।

बैठक में सोशल मीडिया संयोजक एवं गढ़वाल प्रभारी मधुसूदन सुंद्रियाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव अमेंद्र बिष्ट सहित वॉर रूम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सोशल मीडिया विभाग के कामकाज को अधिक व्यवस्थित, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत डिजिटल तंत्र विकसित करने संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button