National

कर्नाटक में नए मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आज राजभवन में हुआ संपन्न

बेंगलुरु,  कर्नाटक में मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार को किया गया। बेंगलुरु स्थित राजभवन में  29 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इन मंत्रियों की पूरी लिस्ट आज सुबह ही राज्य के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई को मिली। मुख्यमंत्री ने स्वयं इसकी पुष्टि की और बताया, ‘नए मंत्रिमंडल में 29 मंत्रियों को शामिल किया जाएगा, किसी को भी उपमुख्यमंत्री पद पर नियुक्त नहीं किया जा रहा है।’  आज सुबह उन्होंने कहा, ‘हमें आधिकारिक तौर पर मंत्री परिषद की लिस्ट मिल गई है। इनमें उन मंत्रियों के नाम शामिल हैं जो आज राजभवन में शपथ लेने वाले हैं। ‘

मुख्यमंत्री बोम्मई अपने मंत्रिमंडल के विस्तार पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श करने के लिए पिछले दो दिनों से दिल्ली में थे। उन्होंने जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद मंगलवार को बताया था कि उन्हें फोन पर ही मंत्रियों के नामों वाली लिस्ट मिल जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जेपी नड्डा के साथ इस मामले पर विस्तृत चर्चा हुई। लिस्ट में देरी के सवाल पर बोम्मई ने जवाब दिया था, ‘तीन-चार मुद्दे तय किए जाने हैं जैसे अंतिम सूची में कुछ और नामों को शामिल करने और उपमुख्यमंत्री रखने को लेकर विचार हो रहा था।’

26 जुलाई को बी एस येदियुरप्पा के इस्तीफा देने के बाद 28 जुलाई को बोम्मई ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने कैबिनेट विस्तार में कुछ समय लगने की बात कही थी। अभी सरकार में वे अकेले कैबिनेट मंत्री हैं। बता दें कि येदियुरप्पा ने नए मंत्रिमंडल में मंत्रियों को लेकर सुझाव देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह कैबिनेट विस्तार में दखल नहीं देंगे बोम्मई अपने मंत्रालय में किसी को भी शामिल करने के लिए स्वतंत्र हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की थी और कहा था कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व राज्य मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने वाले नए मंत्रियों की लिस्ट बुधवार सुबह भेजेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि सुबह लिस्ट मिलने के बाद बुधवार को ही शपथ ग्रहण हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि मंत्रिपरिषद विस्तार कई चरणों में किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button