Uttarakhand

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट

चमोली। विश्वप्रसिद्ध भगवान बदरीविशाल के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूरे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर बदरीनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर भगवान बदरीविशाल के जयघोष से गूंज उठा। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की बदरीनाथ यात्रा तथा उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत सोमवार सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के द्वार खोले गए। भगवान का अभिषेक, श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए गए। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे। कपाट बंद होने के अवसर पर दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
कपाट बंद होने से पहले मंदिर में परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद करने की प्रक्रिया के अंतर्गत माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराने की परंपरा निभाई गई। मुख्य रावल ने माता लक्ष्मी को उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान कुबेर जी और उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। अंतिम धार्मिक प्रक्रिया के तहत रावल ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके पश्चात ठीक रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कपरवाण, समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित अनेक पदाधिकारी, अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के अगले दिन मंगलवार 17 नवंबर को भगवान उद्धव जी और देवताओं के खजांची कुबेर जी की उत्सव डोलियां सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच बदरीनाथ धाम से शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। ये डोलियां योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर पहुंचेंगी, जहां आगामी छह माह तक भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की पूजा-अर्चना की जाएगी।
वहीं भगवान गरुड़ जी तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। रावल और नायब रावल आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी के साथ पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी। इसके बाद शीतकाल में श्रद्धालु पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ में भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने से पहले पांच दिनों तक पारंपरिक पंच पूजाओं का आयोजन किया गया। 12 नवंबर को गणेश पूजा के साथ इसकी शुरुआत हुई। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं का वाचन संपन्न हुआ। 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया तथा भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया। इसके बाद 16 नवंबर को निर्धारित शुभ मुहूर्त में मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 नवंबर को गंगोत्री धाम तथा 11 नवंबर को केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारों धामों की वर्ष 2026 की यात्रा का समापन हो गया। अब श्रद्धालु शीतकालीन पूजा स्थलों पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button