राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस का विशेष अभियान, प्रदेशभर में दिलाई जाएगी एकता की शपथ

-एकता परेड-2026 का सभी पुलिस थानों में होगा सीधा प्रसारण, वरिष्ठ अधिकारी जिलों में संभालेंगे जिम्मेदारी
-राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ साइबर ठगी और नशे के खिलाफ भी चलेगा जागरूकता अभियान
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी पुलिस थानों में गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी और आमजन के साथ संवाद कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव तथा जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से इस कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकारी संबंधित जिलों में पहुंचकर पुलिस लाइन में आयोजित परेड में शामिल होंगे और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के साथ सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत अपराह्न 5:30 बजे प्रदेश के सभी पुलिस थानों में स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्धजनों, स्कूली छात्र-छात्राओं और युवाओं की मौजूदगी में गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित ‘एकता परेड’ का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमावर्ती इलाकों तक राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि एकता परेड के प्रसारण के बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पुलिस और आमजन के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और विश्वास को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार सामाजिक व्यवहार के लिए प्रेरित करने पर भी जोर रहेगा।
इन अधिकारियों को सौंपी गई जनपदों की जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन को देहरादून तथा ए.पी. अंशुमान को नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा को हरिद्वार, रिधिम अग्रवाल को देहरादून, कृष्ण कुमार वीके को ऊधमसिंह नगर, नीलेश आनंद भरणे को पौड़ी गढ़वाल, राजीव स्वरूप को टिहरी गढ़वाल, अनंत शंकर ताकवाले को अल्मोड़ा, सुनील कुमार मीणा को उत्तरकाशी, योगेंद्र सिंह रावत को चंपावत और बरिंदरजीत सिंह को रुद्रप्रयाग भेजा गया है। वहीं, पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल को चमोली तथा यशवंत सिंह को पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित यह अभियान पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।




