States

मुख्यमंत्री के गोपनीय हरिद्वार दौरे से सियासी सरगर्मियां तेज.

हरिद्वार । कैबिनेट विस्तार की अटकले भले ही अभी शांत हैं, लेकिन गुरुवार सुबह हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संघ और संतों के साथ हुई ‘गोपनीय’ बैठक ने सियासी गर्मी बढ़ा दी है। जगदगुरु आश्रम में करीब 45 मिनट तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी और आश्रम के प्रमुख स्वामी राजराजेश्वरानंद से मंत्रणा की।हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अचानक हुआ दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसके निहितार्थों को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।  गुरुवार सुबह बिना प्रोटोकाल और सूचना के हुए इस दौरे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हैलीपैड से कनखल स्थित जगदगुरु आश्रम पहुंचे।

सुरेश भैयाजी और स्वामी राजराजेश्वरानंद से लंबी मंत्रणा

जहां उन्होंने आरएसएस के पूर्व सर कार्यवाह एवं मौजूदा अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश भैयाजी जोशी और स्वामी राजराजेश्वरानंद से लंबी मंत्रणा की। भाजपा संगठन के कार्यकर्त्ताओं ने इस दौरे को शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन सियासी गलियारों में इसे आगामी कैबिनेट विस्तार, प्रदेश भाजपा नेतृत्व में संभावित बदलाव की दृष्टि से देखा जा रहा है।

इस मुलाकात की गोपनीयता, मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से दूरी ने अटकलों को और बल दे दिया है। सूत्रों के अनुसार सरकार के कैबिनेट विस्तार के साथ भाजपा प्रदेश संगठन नेतृत्व में बड़े निर्णय की तैयारी की जा रही है। आश्रम की ओर से बताया गया कि आरएसएस के पूर्व सर कार्यवाह एवं मौजूदा अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश भैयाजी जोशी बुधवार रात को जगदगुरु आश्रम में पहुंचे।

शुक्रवार को आश्रम में ज्योतिष सम्मेलन का आयोजन होना है। जिसमें देश के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रतिभाग करेंगे। इस सम्मेलन का उद्घाटन आरएसएस के पूर्व सर कार्यवाह एवं मौजूदा अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश भैयाजी जोशी करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button