टीएचडीसी की राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में हरिद्वार के विद्यार्थियों का दबदबा

-ऊर्जा संरक्षण का संदेश लेकर राष्ट्रीय मंच पर चमकेंगे उत्तराखंड के छह होनहार
-टीएचडीसी की राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 2.52 लाख विद्यार्थियों ने लिया भाग
-विजेताओं को मिले 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार
ऋषिकेश, गढ़ संवेदना न्यूज। ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से रसमंजरी ऑडिटोरियम, टीएचडीसी कॉलोनी में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों के छह विजेता अब नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के फाइनल में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने ऊर्जा संरक्षण को सुरक्षित और सतत भविष्य के निर्माण के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि बिजली की बचत केवल संसाधनों का संरक्षण नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतियोगिता की विषयवस्तु ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करने और ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिजली बचाने की छोटी-छोटी आदतें सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टीएचडीसी के मुख्य तकनीकी अधिकारी एलपी जोशी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि चित्रकला के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत की आदतें अपनाने के साथ ही परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। ऊर्जा संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। कार्यक्रम का शुभारंभ टीएचडीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन तथा जनसंपर्क) डीपी पात्रो के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों, प्रतिभागियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ ही उनमें पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता के ग्रुप-ए (कक्षा पांच से सात) और ग्रुप-बी (कक्षा आठ से दस) में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा प्रत्येक वर्ग में दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए, जिनमें प्रत्येक विजेता को 7,500 रुपये की राशि प्रदान की गई। ग्रुप-ए में आचार्यकुलम, हरिद्वार की कक्षा सात की छात्रा वर्षा रानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की ज्योति यादव दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरिद्वार की अवनि कपूरिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ग्रुप-बी में आचार्यकुलम, हरिद्वार के कक्षा दस के छात्र कुणाल कुंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसेंट पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी की दीक्षा कुटियाल दूसरे और डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश की रुचा रवि फुलवारे तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों के इन छह विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। टीएचडीसी के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं उत्तराखंड के नोडल अधिकारी विमल दुर्गापाल ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 423 विद्यालयों के कुल 2,52,981 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। पिछले वर्ष 242 विद्यालयों के 1,90,241 विद्यार्थी इसमें शामिल हुए थे। इस प्रकार एक वर्ष में प्रतिभागी विद्यालयों और विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह बढ़ती भागीदारी ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों और शैक्षणिक संस्थानों में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।




