States

अगले चार दिन तक उत्तराखंड में हो सकती है भारी बारिश

उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम फिर परीक्षा लेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इस बीच भूस्खलन से होने वाली परेशानियां बरकरार हैं। प्रदेश में अब भी 45 सड़कों पर आवागमन बाधित है। बीते रोज बदरीनाथ धाम के पास लामबगड़ में मलबा आने से हाईवे बंद हो गया। हालांकि, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु रहा है।

प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ नरम है, लेकिन शुक्रवार से इसमें बदलाव संभव है। इस दौरान पौड़ी, नैनीताल, देहरादून और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की आशंका है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगस्त में देहरादून समेत नौ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। हालांकि सितंबर के पहले पखवाड़े तक पूरे प्रदेश बारिश सामान्य रहेगी, लेकिन माह के मध्य में इसमें तेजी आ सकती है।

भूस्खलन से मसूरी-देहरादून मार्ग फिर बंद  

मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन मुसीबत का सबब बना हुआ है। तीन दिन बाद बुधवार को मार्ग पर यातायात बहाल किया गया, लेकिन देर रात एक बार फिर पहाड़ी दरकने से मार्ग बंद हो गया। गुरुवार देर शाम तक लोक निर्माण विभाग की टीम मलबा हटाने में जुटी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button