National

सीतापुर में डॉक्टर की हत्या को लेकर प्रियंका ने योगी सरकार को घेरा, कहा- लोगों के मन में भय

लखनऊ,  कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को फिर से घेरा है। उन्होंने बुधवार को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में डॉक्टर की दिनदहाड़े तलवार से काटकर हत्या मामले में ट्वीट कर कहा कि यूपी में लोगों के मन में भय है। सरकार झूठे प्रचार के सिवा कुछ कर ही नहीं रही है।

कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक डॉक्टर को उसके क्लिनिक में घुसकर अपराधियों ने उसे तलवार से काट दिया। ऐसी घटनाओं से प्रदेशवासियों के मन में भय पैदा हो रहा है। आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का इतना बुरा हाल और सरकार झूठे प्रचार के सिवा कुछ कर ही नहीं रही है।’

बता दें कि सीतापुर में बेखौफ हमलावर ने लहरपुर मार्ग पर छौंछिया मोड़ पर स्थित निजी क्लीनिक में मंगलवार दिनदहाड़े घुसकर डाक्टर को तलवार से काट डाला। डाक्टर बेटे को बचाने आए बुजुर्ग पिता को भी हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लिया है। वारदात का कारण जमीन विवाद में रुपयों का लेनदेन बताया जा रहा है।

लहरपुर मार्ग पर मुद्रासन के मूल निवासी डा. मुनेंद्र कुमार वर्मा का छौंछिया मोड़ पर मां कमला चिकित्सालय है। वह दोपहर में क्लीनिक में रोगियों का इलाज कर रहे थे। इसी बीच हमलावर अच्छे लाल विश्वकर्मा उनके क्लीनिक में घुस आया। अंदर से रूम बंद कर डा. मुनेंद्र व उनके बुजुर्ग पिता गजोधर प्रसाद वर्मा को बंधक बना लिया। हमलावर डाक्टर पर तलवार से ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। डा. मुनेंद्र प्रताप वर्मा की कुछ ही देर में मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश शुक्ल ने बताया कि आरोपित अच्छे लाल विश्वकर्मा को आला कत्ल के साथ दबोच लिया है। आरोपित से पूछताछ हो रही है। डाक्टर के बुजुर्ग घायल पिता का मेडिकल कराया गया है। मृतक डाक्टर की पत्नी कल्पना वर्मा की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध डाक्टर की हत्या व उनके पिता पर जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा लिखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button