Uttarakhand

जयकारों और जागरों के बीच छह माह के लिए बंद हुए लाटू देवता मंदिर के कपाट

-आंखों पर पट्टी बांधकर पुजारी ने मंदिर में प्रवेश कर जलाया दीपक, बैसाख पूर्णिमा को फिर खुलेंगे कपाट

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के वाण गांव में स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ आगामी छह माह के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा।

मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। उन्होंने परंपरा के अनुसार दीपक प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। इस अवसर पर मंदिर परिसर में हवन, पूजा-अर्चना और जागर का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।

लाटू देवता मंदिर अपनी अनूठी धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता है कि मंदिर के गर्भगृह में नागमणि विराजमान है, जिसके तेज को सामान्य आंखों से देखना संभव नहीं है। इसी मान्यता के चलते मंदिर में केवल पुजारी ही आंखों पर पट्टी बांधकर प्रवेश करते हैं। श्रद्धालु मंदिर से लगभग 12 मीटर दूर रहकर ही पूजा-अर्चना करते हैं।

राजजात समिति वाण के अध्यक्ष हीरा गढ़वाली ने बताया कि मंदिर के कपाट छह माह बाद बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर दोबारा खोले जाएंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर के पुजारी खीम सिंह, पंडित रमेश कुनियाल, नवीन चंद्र, ग्राम प्रधान नंदुली देवी, बीडीसी सदस्य हेमा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button