Uttarakhand

प्रदूषण के खिलाफ बच्चों ने उठाई आवाज, निबंध प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम

-निबंध प्रतियोगिता में शिवानी ने बाजी मारी, निशा दूसरे स्थान पर रही
-पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता जरूरी, विद्यार्थियों ने निबंधों से दिया संदेश
.-अपने सपने एनजीओ में आयोजित हुई प्रतियोगिता, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित

देहरादून। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से गुप्ता स्टोर रोड, सुभाषनगर स्थित अपने सपने एनजीओ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय श्जनमानस में प्रदूषण से बढ़ती समस्या रखा गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए प्रदूषण के कारणों, दुष्प्रभावों और रोकथाम के उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संगठन की ओर से पुरस्कार और प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा आठ की शिवानी ने प्रथम, कक्षा सात की निशा ने द्वितीय तथा कक्षा नौ के अनुराग और कक्षा आठ के शिवमगन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वैष्णवी को सम्मानित किया गया, जबकि अजीत को सर्वांगीण प्रतिभा के लिए ऑलराउंडर पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन जैन ने कहा कि प्रदूषण आज गंभीर वैश्विक समस्या बन चुका है। इसका प्रभाव केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधनों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक भी बनाती हैं। प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसके लिए अधिक से अधिक पौधारोपण, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि संगठन शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और मानवाधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मधु जैन, अरुण कुमार यादव, शिक्षिकाएं और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button