Uttarakhand

आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले अश्विक राठौड़ का मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन ने किया भव्य सम्मान

देहरादून। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) की प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाले होनहार छात्र अश्विक राठौड़ का मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से सम्मान किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अश्विक को सम्मानित कर उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी गई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अश्विक की इस सफलता ने इसलिए भी विशेष पहचान बनाई है, क्योंकि उनके बड़े भाई अध्ययन राठौड़ भी इसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर चुके हैं और वर्तमान में आरआईएमसी में अध्ययनरत हैं। एक ही परिवार के दो भाइयों का राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रथम और तृतीय स्थान प्राप्त करना उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

दोनों भाइयों की इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, अनुशासन और परिवार के संस्कारों की अहम भूमिका रही है। उनके पिता अशोक राठौड़ उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने सेवाकाल में विभिन्न थानों में प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कर्तव्यनिष्ठा, स्वच्छ छवि और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले अशोक राठौड़ के अनुशासन और पारिवारिक मार्गदर्शन ने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन जैन ने कहा कि अश्विक ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। एक ही परिवार के दो बेटों का इस परीक्षा में प्रथम और तृतीय स्थान प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों भाइयों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भारतीय सेना में सेवाएं देकर देश का गौरव बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मधु जैन, गीता राठौर, प्रदेश सचिव एसपी सिंह, नंद लाल उनियाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अंत में संगठन की ओर से राठौड़ परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button