Uttarakhand

पत्रकारिता का धर्म संविधान और जनता के प्रति जवाबदेही, किसी का पक्षकार बनना नहीं 

-राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों और प्रेस की स्वतंत्रता पर मंथन

-फेक न्यूज, पेड न्यूज और आर्थिक असुरक्षा के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बचाने की चुनौती

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की ओर से परेड ग्राउंड स्थित उज्ज्वल फूड्स में गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा, आर्थिक असुरक्षा, मीडिया की विश्वसनीयता और डिजिटल युग में बढ़ती चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता बेहद जरूरी है, लेकिन मौजूदा दौर में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से जूझ रही है।

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर प्रवीण मेहता ने कहा कि पत्रकारिता अब केवल खबर जुटाने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पत्रकारों को कई मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ रहा है। छोटे और क्षेत्रीय समाचार पत्रों, डिजिटल पोर्टलों तथा स्थानीय पत्रकारों के सामने संसाधनों की कमी, सीमित वेतन, विज्ञापनों पर निर्भरता और रोजगार की अनिश्चितता जैसी गंभीर समस्याएं हैं। कई पत्रकार पर्याप्त पारिश्रमिक और सुरक्षा के अभाव में काम करने को मजबूर हैं। ऐसे में उनसे निर्भीक और स्वतंत्र पत्रकारिता की अपेक्षा करना, लेकिन उनके आर्थिक और सामाजिक संरक्षण की अनदेखी करना बड़ी विडंबना है।

यूनियन के प्रदेश महामंत्री गिरीश पंत ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस महज उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार प्रेस की भूमिका तथा उसके दायित्वों को याद करने का दिन है। लोकतंत्र की रोशनी बनाए रखने के लिए जरूरी है कि प्रेस बिना किसी भय, लालच या बाहरी दबाव के काम करे और सत्य को जनता के सामने लाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फर्जी खबरों, पेड न्यूज और सोशल मीडिया के दबाव के बीच तथ्यपरक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता करना बड़ी चुनौती बन गया है। पत्रकारिता का धर्म किसी राजनीतिक दल, सरकार, संगठन या व्यक्ति के प्रति निष्ठा नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के प्रति जवाबदेही है। पत्रकार को सत्ता से सवाल पूछने का साहस रखना चाहिए, लेकिन तथ्यों और मर्यादा के साथ। उसे विपक्ष की बात भी सुननी चाहिए और सरकार का पक्ष भी सामने रखना चाहिए, लेकिन किसी का पक्षकार नहीं बनना चाहिए।

यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहनजर ने प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के वर्ष 2026 के विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर रहा, जबकि वर्ष 2025 में भारत 151वें स्थान पर था। इस तरह एक वर्ष में भारत की रैंकिंग छह पायदान नीचे खिसकी है। उन्होंने भारतीय प्रेस परिषद की वर्ष 2025 की वार्षिक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि परिषद को कुल 1,300 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 181 शिकायतें सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध प्रेस की स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन से संबंधित थीं, जबकि 1,119 शिकायतें पत्रकारिता की नैतिकता के उल्लंघन को लेकर मीडिया संस्थानों और पत्रकारों के खिलाफ थीं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े प्रेस की स्वतंत्रता के साथ-साथ मीडिया की अपनी विश्वसनीयता और नैतिक जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

गोष्ठी में वक्ताओं ने उत्तराखंड में पत्रकारों के सामने आई चुनौतियों और विभिन्न घटनाओं को भी उठाया। पौड़ी के पत्रकार आशुतोष नेगी की मार्च 2024 में गिरफ्तारी, हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में फरवरी 2024 की हिंसा और कार्रवाई के दौरान पत्रकारों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई गई। इसके अलावा उत्तरकाशी के पत्रकार राजीव प्रताप की मौत, सुनील नवप्रभात और हेम भट्ट पर हमले तथा अफरोज खान एवं समर अब्बास की सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जाने के मामलों का भी उल्लेख किया गया।

हैदराबाद में गत माह आयोजित राष्ट्रीय महिला पत्रकार सम्मेलन में शामिल होकर लौटीं यूनियन की पदाधिकारी ललिता बलूनी, ज्योति भट्ट ध्यानी और रक्षा शर्मा ने सम्मेलन के अनुभव साझा किए। उन्होंने महिला पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी भूमिका पर विचार रखे।

यूनियन के जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल ने कहा कि स्वतंत्र प्रेस समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करती है, जिससे लोकतंत्र मजबूत होता है। पत्रकारों को तथ्यों की पूरी जांच और सत्यता की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को किसी भी दबाव में काम नहीं करना चाहिए और भ्रामक खबरों से बचते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार द्विजेंद्र दत्त बहुगुणा ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के संस्मरण साझा किए और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर विचार रखे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर प्रवीण मेहता, प्रदेश महामंत्री गिरीश पंत, प्रदेश कोषाध्यक्ष ललिता बलूनी, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहनजर, जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल, जिला महामंत्री ज्योति भट्ट ध्यानी, अधीर मुखर्जी, दीपक गुप्ता, नवीन बधानी, रक्षा शर्मा, अनुराधा दौड़ियाल, वीरेंद्र दत्त गैरोला, समीना, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, किशन सिंह गुसाईं, सुरेंद्र कोठियाल, रजनीश सैनी, शोभाराम, आरिफ खान, एसपी उनियाल, दीपिका आनंद, राजीव आनंद, कंवर सिंह सिद्धू, वीरेश रोहिला, विजया लक्ष्मी तिवारी, मोहम्मद खालिद, अफरोज खान सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button