States

मुख्यमंत्री तीरथ रावत जनता मिलन कार्यक्रम के तहत सप्ताह में तीन आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुन उनका निस्तारण करेंगे

देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत अब जनता मिलन कार्यक्रम के तहत सप्ताह में तीन आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुन उनका निस्तारण करेंगे। यह कार्यक्रम सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को आयोजित होगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों व विधायकों से मिलने के लिए भी समय निर्धारित किया है।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव छह-सात महीने बाद होने हैं। इसके लिए सरकार भी अब तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री ने खुद आगे आकर मोर्चा संभालते हुए सीधे जनता से संवाद करने का निर्णय लिया है। कोरोना संक्रमण के कम होते मामलों के बीच व्यवस्था पटरी पर भी आ रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के द्वार जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने अगले एक माह के लिए उनके साप्ताहिक कार्यक्रमों का निर्धारण कर दिया है। इसके अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात करेंगे। प्रतिदिन सोमवार से शुक्रवार तक मुख्यमंत्री ने सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर 11 बजे तक पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात का समय रखा गया है।

दोपहर 12 से एक बजे तक वह गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। दोपहर को मुख्यमंत्री सचिवालय में रहेंगे। यहां प्रतिदिन एक से दो बजे तक विधायकों से भेंट का कार्यक्रम रखा गया है। शाम चार बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक वह विभिन्न विभागों के प्रस्तुतिकरण व बैठकों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार और गुरुवार को 11 से 12 बजे तक मीडिया कर्मियों से रूबरू होंगे।

वह पहले और तीसरे बुधवार को शाम चार से साढ़े पांच बजे तक मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और मंत्रिमंडल व मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल होंगे। शुक्रवार को शाम चार बजे से लेकर शनिवार व रविवार को मुख्यमंत्री क्षेत्र भ्रमण पर रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button