States

प्रधानमंत्री मोदी करीब साढ़े तीन घंटे केदारनाथ धाम में बिताएंगे, योजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच नवंबर को केदारनाथ दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह पौने आठ बजे केदारनाथ धाम के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह पैदल ही निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए केदारनाथ धाम तक पहुंचेंगे और बाबा केदार के दर्शन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केदारनाथ दौरे को लेकर सभी तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम में दर्शन करने के पश्चात शंकराचार्य के नवनिर्मित समाधि स्थल पहुंचेंगे। यहां वह समाधि स्थल का लोकार्पण करने के साथ ही आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह यहां 250 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और 70 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इस सभा से द्वादश ज्योतिर्लिंग, प्रदेश के शेष तीन धाम और शंकराचार्य के जन्मस्थान को भी जोड़ा जाएगा। देश के विभिन्न शिवालयों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सभा के बाद प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम परिसर की व्यवस्था को परखते हुए वापस हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह सुबह 11.15 बजे रवाना हो जाएंगे।

पीएम के कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण

केदारनाथ धाम में पांच नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। उत्तरकाशी में भी सूचना विभाग उत्तराखंड की ओर से तीन स्थानों पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है। सूचना विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी में विश्वनाथ मंदिर परिसर, भटवाड़ी बाजार और बड़कोट बाजार में लाइव प्रसारण किया जाना है, जिससे यहां आमजन पीएम के केदारनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देख सकें।

मौसम साफ रहने की संभावना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड आगमन पर मौसम भी खुशगवार रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। मैदान में सुबह हल्का कुहासा छा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button